बीजापुर के अंकित सकनी ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में पाई सफलता, सीएम साय ने दी बधाई

रायपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के छोटे से ग्राम गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार और गांव में, बल्कि पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।
इस सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंकित सकनी और उनके माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अंकित की उपलब्धि को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अंकित ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकित की सफलता बस्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए सकारात्मक संदेश है कि वे भी कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अंकित भविष्य में देश सेवा के माध्यम से समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।





