ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

गैस सिलेंडर नहीं मिलने से फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

दुर्ग। जिले के ग्राम करसा में गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। बीते 20 दिनों से बुकिंग के बावजूद एचपी गैस सिलेंडर नहीं मिलने से आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायत करने के बावजूद गैस एजेंसी द्वारा समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इससे रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। खासकर महिलाओं को खाना बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी और अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नियमित और समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।

इस पूरे मामले ने ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित एजेंसी इस समस्या का समाधान कितनी जल्दी कर पाती है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button