ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मानव-हाथी संघर्ष रोकने की पहल, सीएम साय ने ‘गजरथ यात्रा’ का किया शुभारंभ

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम में ‘गजरथ यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल मानव-हाथी द्वंद को कम करने और वन्यजीव संरक्षण के लिए जनजागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह यात्रा स्कूलों, पंचायतों और हाट-बाजारों में जाकर लोगों को हाथियों के व्यवहार, सुरक्षा उपायों और सह-अस्तित्व के बारे में जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए जनभागीदारी और शिक्षा जरूरी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सिंदूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत लोगों से वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल जीवनदायिनी हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन के लिए भी बेहद जरूरी हैं।

कार्यक्रम में वन विभाग द्वारा तैयार लघु फिल्म और पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इसमें हाथियों से जुड़े सावधानियों और व्यवहार को समझने की जानकारी दी गई है, जिसे स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में वितरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य की हरित योजनाओं और जागरूकता अभियानों की जानकारी देते हुए सबको इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में मंत्रीगण, अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नागरिक, छात्र और योग संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button