बीजापुर में नेशनल पार्क एरिया में एनकाउंटर, 2 नक्सली ढेर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में अब तक 2 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिली है। इलाके में नक्सली लीडर पापाराव और बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान कई AK-47 बरामद किए हैं। शनिवार सुबह से ही संयुक्त टीम और माओवादी नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग चल रही है। डीआरजी के जवान नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों की टुकड़ी से टकराए।
सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर मारे गए नक्सलियों के शव बरामद करने और बाकी नक्सलियों की तलाश तेज कर दी है। बीजापुर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि ऑपरेशन अभी भी जारी है। मुठभेड़ के स्थान, जवानों की संख्या और अन्य संवेदनशील जानकारी फिलहाल साझा नहीं की जा रही है ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जारी अभियान में सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ नक्सलियों को पकड़ने और इलाके को सुरक्षित बनाने की कोशिश कर रहे हैं।





