ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अमित शाह ने बस्तर दौरे पर मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा की, मुरिया दरबार में होंगे शामिल

बस्तर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर दौरे पर हैं। सुबह जगदलपुर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे सिरहासार भवन पहुंचकर बस्तर दशहरा के अंतर्गत आयोजित मुरिया दरबार की पारंपरिक रस्म में भाग लेंगे। इसके अलावा शाह लालबाग मैदान में आयोजित स्वदेशी मेला कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और आम जनता को संबोधित करेंगे।

बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव के अनुसार, अमित शाह देश के पहले केंद्रीय गृहमंत्री हैं, जो बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल हो रहे हैं। इससे पहले इस परंपरा में केवल राज्य के मुख्यमंत्री ही भाग लेते थे। मुरिया दरबार में मांझी, चालकी, मेंबर और मेंबरीन समुदायों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया जाता है और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान भी किया जाता है।

लता उसेंडी और केदार कश्यप ने शाह का गुलाब से स्वागत किया। मुरिया दरबार बस्तर दशहरा के बाद आयोजित होता है, जब पहले राजशाही के समय राजा जनता की समस्याएं सुनते थे और उनका समाधान करते थे। अब लोकतांत्रिक व्यवस्था में मुख्यमंत्री या केंद्रीय मंत्री जनता की समस्याओं को सुनकर निवारण कर सकते हैं।

बस्तर दशहरा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में अमित शाह को मुरिया दरबार में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बस्तर सांसद और दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने किया, जिनके साथ मांझी-चालकी और अन्य समिति सदस्य भी मौजूद थे।

इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके तहत 606.94 करोड़ रुपये 64.94 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। यह योजना 1 मार्च 2024 से चल रही है, जिसमें हर विवाहित महिला को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता मिलती है। अब तक महिलाओं को इस योजना के तहत कुल 12,983.13 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। सुरक्षा के मद्देनजर जगदलपुर में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगी है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button