StateNewsछत्तीसगढ़

आपातकाल के 50 साल: दिल्ली में आज मनाया जाएगा ‘संविधान हत्या दिवस’, अमित शाह दिखाएंगे यात्रा को हरी झंडी

दिल्ली। देश में आपातकाल लगाए जाने के 50 साल पूरे होने पर आज राजधानी दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ‘लोकतंत्र अमर रहे यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और दिल्ली सरकार मिलकर कर रहे हैं। संस्कृति मंत्रालय ने इसकी जानकारी मंगलवार को दी। यह यात्रा पूरे देश में घूमकर लोगों को संवैधानिक अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और आपातकाल से मिली सीख के प्रति जागरूक करेगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगे। स्टेडियम में भारतीय लोकतंत्र के इतिहास पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

गौरतलब है कि 25 जून 1975 की आधी रात को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल की घोषणा की थी। यह भारत के लोकतंत्र के इतिहास का एक काला अध्याय माना जाता है। उस समय नागरिकों के मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया था और प्रेस की स्वतंत्रता पर भी रोक लगा दी गई थी। पिछले साल केंद्र सरकार ने 25 जून को आधिकारिक रूप से ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में घोषित किया था।

Related Articles

Back to top button