ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पीएम मोदी का मुखौटा पहने नजर आए अमित जोगी, डीएड अभ्यर्थियों के समर्थन में किया पोस्ट

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़–जे (जेसीसी-जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने शनिवार को एक वीडियो जारी कर भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। वीडियो में अमित जोगी प्रधानमंत्री मोदी का मुखौटा पहने नजर आए। इस प्रतीकात्मक विरोध के जरिए उन्होंने डीएड अभ्यर्थियों के मुद्दे को उठाते हुए भाजपा को विधानसभा चुनाव 2023 से पहले किए गए वादों की याद दिलाई।

अमित जोगी ने वीडियो संदेश में कहा कि वे नवा रायपुर के तूता मैदान जा रहे हैं, जहां डीएड अभ्यर्थी रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि वे अनशनरत अभ्यर्थियों के साथ बैठकर उनका समर्थन करेंगे और उनकी मांगों की आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे।

जोगी ने सवाल उठाया कि चुनाव के समय ‘मोदी की गारंटी’ के तहत शिक्षा के सशक्तिकरण और रिक्त पदों पर भर्ती का वादा किया गया था, लेकिन दो साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद डीएड अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिला। राज्यभर के अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से नवा रायपुर में अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद राज्य सरकार करीब 2300 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती नहीं कर रही है। ये पद अब भी खाली पड़े हैं। अमित जोगी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दी गई गारंटी को पूरा न करना पद की गरिमा के खिलाफ है।

अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की कि 2300 रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती के आदेश जारी किए जाएं और डीएड अभ्यर्थियों के साथ हो रहे अन्याय को तुरंत समाप्त किया जाए।

इधर, डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। आमरण अनशन के बाद अब अभ्यर्थी मौन व्रत रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले 15 दिनों से चल रहे इस आंदोलन में कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ चुकी है। अब तक 30 अभ्यर्थियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अभ्यर्थियों की मांग है कि 2300 पदों पर तत्काल छठवें चरण की काउंसलिंग कर नियुक्ति दी जाए।

Related Articles

Back to top button