दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब आम यात्रियों के साथ-साथ फिल्मी सितारों पर भी दिखने लगा है। अमीषा पटेल हाल ही में दुबई में हुए मिसाइल हमलों के कारण बीच सफर में फंस गईं। एक्ट्रेस न्यूयॉर्क से मुंबई लौट रही थीं, लेकिन हालात बिगड़ने के चलते उनकी फ्लाइट को डायवर्ट कर मस्कट भेज दिया गया।
अमीषा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनकी फ्लाइट दुबई में उतरने ही वाली थी, तभी ताजा मिसाइल हमलों के कारण यूएई का एयरस्पेस अचानक बंद कर दिया गया। इसके बाद फ्लाइट को मस्कट की ओर मोड़ दिया गया, जहां वे फिलहाल आगे की सूचना का इंतजार कर रही हैं।
एक्ट्रेस ने अपनी पोस्ट में चिंता जताते हुए लिखा—“ये युद्ध आखिर कब खत्म होगा?” उनके इस बयान से साफ है कि मौजूदा हालात को लेकर यात्रियों में भी डर और अनिश्चितता बनी हुई है।
अमीषा ने एक और पोस्ट में दुबई एयरपोर्ट की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि वे कई घंटों से इंतजार कर रही हैं और जल्द से जल्द मुंबई अपने घर पहुंचना चाहती हैं। लगातार बदलती फ्लाइट स्थिति के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की स्थिति में बॉलीवुड सेलेब्रिटीज फंसे हों। इससे पहले भी ईशा गुप्ता, दीया मिर्जा, सोनल चौहान और लारा दत्ता जैसी एक्ट्रेसेस इजरायल-ईरान तनाव के दौरान दुबई में फंस चुकी हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण एयरस्पेस बार-बार बंद हो रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर सीधा असर पड़ रहा है। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
