ऑटो एक्सपो–2026: वाहन खरीदी पर आरटीओ टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट

रायपुर। छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग और रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के संयुक्त प्रयास से ऑटो एक्सपो–2026 का आयोजन 20 जनवरी से 05 फरवरी 2026 तक श्री राम बिजनेस पार्क, एमजीएम हॉस्पिटल के सामने, विधानसभा रोड, सड्डू रायपुर में किया जा रहा है। इस आयोजन में वाहन क्रय करने वाले ग्राहकों को आरटीओ टैक्स में जीवनकाल के लिए 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।
यह प्रदेश का पहला ऑटो एक्सपो है, जिसमें प्रदेशभर के नागरिकों को लाभ मिलेगा। खरीदारी के लिए रायपुर आने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि ग्राहक अपने गृह जिले के पंजीकृत डीलरों के माध्यम से भी योजना का लाभ उठा सकते हैं। खरीदे गए वाहनों पर गृह जिले के आरटीओ कोड के साथ पंजीयन की सुविधा उपलब्ध होगी।
ऑटो एक्सपो में छोटे और दूरस्थ क्षेत्र के डीलर्स भी भाग ले रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा और रोजगार के अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। एक्सपो में आमजन को सभी प्रकार के वाहन मॉडल और नवीनतम तकनीक से युक्त नए वाहन देखने, परखने और चुनने का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही, देश के विभिन्न फाइनेंसर और बैंक न्यूनतम दर पर वाहन ऋण प्रदान कर रहे हैं, जबकि इंश्योरेंस कंपनियां कम दर पर वाहन बीमा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। इस प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में नागरिकों को वाहन खरीदने पर अतिरिक्त आर्थिक लाभ और व्यापक राहत मिलेगी।
इस वर्ष के ऑटो एक्सपो में रायपुर जिले के 95 और अन्य जिलों के 171 डीलर्स, कुल 266 डीलर्स भाग ले रहे हैं, जिससे खरीदारों के पास विविध विकल्प उपलब्ध हैं। पिछले वर्ष 2025 के ऑटो एक्सपो में 29,348 वाहनों की बिक्री हुई थी और नागरिकों को लगभग 120 करोड़ रुपये की आरटीओ टैक्स में छूट मिली थी।
ऑटो एक्सपो–2026 प्रदेश के नागरिकों के लिए किफायती दरों पर वाहन खरीदने, स्थानीय पंजीयन सुविधा प्राप्त करने और आर्थिक लाभ उठाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो रहा है।





