ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बीट गार्डों पर मारपीट और अवैध वसूली के आरोप

बैगा आदिवासी परिवारों ने पुलिस से की शिकायत, 2 लाख मांगने और नशे में उत्पात का आरोप

मुंगेली। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम झिरिया में वन विभाग के बीट गार्डों पर मारपीट और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। बैगा आदिवासी परिवारों ने इस मामले में थाना प्रभारी, एसडीओपी और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 117 मकान स्वीकृत हुए हैं, जिनके निर्माण के लिए वे रेत का परिवहन कर रहे थे। उनका कहना है कि उन्होंने अपने क्षेत्र के बीट प्रभारी से अनुमति लेने के बाद ही रेत लाना शुरू किया था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर रेत लेकर जा रहा था, जिसे दूसरे क्षेत्र के बीट गार्डों ने रोक लिया।

आरोप है कि अनुमति की जानकारी देने के बावजूद गार्डों ने जबरन एक अन्य ट्रैक्टर ट्रॉली वहां खड़ी कर दी और मामला दबाने के नाम पर पैसों की मांग करने लगे। विवाद बढ़ने पर गांव की महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। इस दौरान बीट गार्डों ने कथित रूप से महिलाओं के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की।

ग्रामीणों का आरोप है कि गार्डों ने 2 लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग की और पैसे नहीं देने पर धमकाया। साथ ही सभी गार्डों के शराब के नशे में होने की भी बात कही गई है। घटना के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ बढ़ती देख गार्ड वहां से भाग निकले।

पीड़ित परिवारों ने मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और मामला अब राजनीतिक रूप भी लेता जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button