दिल्ली। राजस्थान के श्रीगंगानगर की 12 साल की नाबालिग लड़की को कथित तौर पर ऑनलाइन ग्रूमिंग का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि पंजाब के खड़ूर साहिब के रहने वाले कुलदीप सिंह ने पहले बच्ची के पिता से सोशल मीडिया पर दोस्ती की। इसके बाद धार्मिक शिक्षा देने और पढ़ाई में मदद करने के बहाने वह बच्ची से संपर्क करने लगा। धीरे-धीरे उसने निजी बातचीत शुरू कर दी।
परिवार के मुताबिक आरोपी ने बच्ची से उसकी तस्वीरें मंगवाईं और कथित तौर पर AI की मदद से उनकी अश्लील तस्वीरें तैयार कर उसे भेजीं। आरोप है कि इन तस्वीरों के जरिए बच्ची को डराया और चुप रहने के लिए धमकाया गया। आरोपी कथित तौर पर खुद को बंदी सिंहों का साथी और जगतार सिंह हवारा का करीबी बताता था।
बाल कटवाने और बेअदबी के लिए उकसाने का आरोप
बच्ची के पिता का दावा है कि आरोपी ने उसे अपने बाल कटवाने के लिए कहा। परिवार को जब बच्ची के बाल छोटे दिखाई दिए तो शक हुआ। पूछताछ के बाद बच्ची ने पूरी बात बताई। पिता के अनुसार आरोपी ने उसे गुटका साहिब के अंग फाड़ने और धार्मिक बेअदबी के लिए भी उकसाया था। बच्ची ने ऐसा करने से इनकार कर दिया।
परिवार का आरोप है कि आरोपी धमकी देता था कि बात किसी को बताने पर उनके परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा। इसके बाद पिता ने आरोपी की पहचान और उसके सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी जानकारी पुलिस को दी।
आरोपी के जेल में होने का दावा
परिवार के अनुसार जांच में पता चला कि कुलदीप सिंह पहले से फिरोजपुर जेल में बंद है। आरोप है कि वह जेल से ही बच्ची से संपर्क कर रहा था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
श्रीगंगानगर पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जानकारी पंजाब पुलिस से साझा की जा रही है। पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल डिवाइस और बच्ची से हुई बातचीत की जांच कर रही है।
ग्रूमिंग क्या है?
ग्रूमिंग में कोई व्यक्ति पहले बच्चे का विश्वास जीतता है और फिर निजी बातचीत, फोटो, भावनात्मक दबाव या धमकी के जरिए उसे अपने प्रभाव में लेने की कोशिश करता है। सोशल मीडिया और चैट के जरिए होने वाली ऐसी गतिविधि को ऑनलाइन ग्रूमिंग कहा जाता है।
