निर्मल बाबा ने महिला से दुष्कर्म कर खींचे न्यूड फोटो: इंस्टाग्राम पर वायरल कर किया ब्लैकमेल, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक ढोंगी बाबा द्वारा महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोपी ने इलाज के नाम पर महिला को अपने झांसे में फंसाया और फिर उसके साथ रेप कर अश्लील फोटो खींच लिए। बाद में इन्हीं तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे ब्लैकमेल किया।
पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसे लंबे समय से शरीर में दर्द की समस्या थी, जिसके इलाज के लिए वह निर्मल बाबा (60) के पास गई थी।
आरोपी खुद को चमत्कारी बताकर लोगों का इलाज करने का दावा करता था। उसने महिला को प्रसाद देकर भरोसे में लिया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
इसके बाद आरोपी महिला को बहाने से पहले बिलासपुर और फिर मैहर ले गया। वहां एक होटल में ठहराकर उसने इलाज के नाम पर कई बार दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। घटना के बाद आरोपी महिला को छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील तस्वीरें पोस्ट कर दीं और उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा। परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी जांच शुरू की। आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे धर्मशाला से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।



