आई-गॉट में सभी विभागों को ऑन-बोर्ड होना जरूरी: मुख्य सचिव

रायपुर। राज्य के मुख्य सचिव ने सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि वे मिशन कर्मयोगी के तहत आई-गॉट (iGOT) प्रशिक्षण कार्यक्रम से अपने विभागों को अनिवार्य रूप से ऑन-बोर्ड करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने मोबाइल के माध्यम से इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ें, ताकि प्रशिक्षण प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जा सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि आई-गॉट प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभागीय स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने विभाग की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण कोर्स तय करें, जिससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता और दक्षता में सुधार हो सके।

आई-गॉट साधना सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसमें विभागीय सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव और अनुभाग अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

कार्यशाला की शुरुआत में बताया गया कि कर्मचारियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म आई-गॉट और ई-एचआरएमएस से जोड़कर उनकी क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा देना उद्देश्य है। मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जो कर्मचारियों को स्मार्ट और प्रभावी प्रशिक्षण देने में सहायक होगा।

उन्होंने सभी विभागों को शत-प्रतिशत ऑन-बोर्डिंग सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर सकारात्मक परिणाम हासिल करने पर जोर दिया। साथ ही बताया गया कि यह प्रशिक्षण न केवल कौशल विकास बल्कि जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

Exit mobile version