छत्तीसगढ़ में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, बस्तर में बदलेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के जिलों में अगले 5 दिनों तक तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में अगले 4 दिनों तक तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को रायपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टरबेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है। यह सिस्टम भूमध्य सागर से उठकर अफगानिस्तान और पाकिस्तान होते हुए भारत आता है। इससे बारिश और तेज हवाएं चलने लगती हैं।
रायपुर में भी आज मौसम में बदलाव के संकेत हैं। दिन में हल्की धूप और शाम को गरज के साथ बारिश हो सकती है। बिलासपुर में मंगलवार को तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। सरगुजा संभाग में भी 5 डिग्री तक की गिरावट देखी गई। मई महीने में बारिश और अंधड़ का यह ट्रेंड नया नहीं है। आमतौर पर इस महीने में एक-दो बार मौसम में बदलाव होता है। इससे गर्मी से राहत मिलती है और खेतों में नमी भी बढ़ती है।