MP-UP समेत 20 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी जारी

नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 20 से ज्यादा राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2–3 दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा।
मध्य प्रदेश में नया सिस्टम एक्टिव होने से भोपाल, ग्वालियर सहित 34 जिलों में आंधी-बारिश और ओले गिरने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश के 34 जिलों में भी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। बीते 72 घंटों में प्रदेश के 43 जिलों में बारिश और 10 शहरों में ओले गिर चुके हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
राजस्थान के 17 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी है। यहां 20 से 50 मिमी तक बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में दिन का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर साफ दिख रहा है। केदारनाथ धाम में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी जारी है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों में बर्फ गिरने से ठंड बढ़ गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 10 राज्यों में ऑरेंज और 15 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार सक्रिय हो रहे मौसम सिस्टम के कारण अचानक मौसम परिवर्तन हो रहा है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।





