मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी CM अजित पवार के बेटे जय पवार ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके VSR वेंचर्स के विमानों के उड़ान पर रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने 28 जनवरी को बारामती में हुए प्लेन क्रैश की पारदर्शी और पूरी जांच की अपील की। जय ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि ब्लैक बॉक्स आसानी से नष्ट नहीं होते और महाराष्ट्र के लोगों को इस त्रासदी का पूरा सच जानने का अधिकार है।
उन्होंने VSR वेंचर्स के एयरक्राफ्ट में मेंटेनेंस की निष्पक्ष जांच की भी मांग की और इमोशनल मैसेज में लिखा, “मिस यू डैड।” बारामती प्लेन क्रैश में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद डिप्टी CM सुनेत्रा पवार ने CM देवेंद्र फडणवीस से CBI जांच की मांग की।
2023 में मुंबई एयरपोर्ट पर हुए VSR वेंचर्स लियरजेट 45XR एक्सीडेंट के बाद यूरोपियन यूनियन एविएशन सेफ्टी एजेंसी (EASA) ने कंपनी का थर्ड कंट्री ऑपरेटर (TCO) ऑथराइजेशन सस्पेंड कर दिया था।
DGCA के अनुसार, उस समय विमान रनवे पर फिसल गया था, जिसमें क्रू और पैसेंजर को चोटें आई थीं। हालांकि, इन्वेस्टिगेशन की फाइनल रिपोर्ट अभी तक सामने नहीं आई है।
TCO यानी थर्ड कंट्री ऑपरेटर वह एयरलाइन या ऑपरेटर है, जो EU या UK के बाहर आधारित है लेकिन इन क्षेत्रों में उड़ान भरता है। इसे EASA से सुरक्षा ऑथोराइजेशन लेना जरूरी होता है।
VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली स्थित एक नॉन-शेड्यूल्ड एयर ऑपरेटर कंपनी है, जो चार्टर्ड जेट्स, एयर एम्बुलेंस और एविएशन कंसल्टेंसी में काम करती है।
बारामती क्रैश में इस्तेमाल लियरजेट 45XR को 1990 के दशक में सुपर-लाइट बिजनेस जेट के रूप में बनाया गया था। यह विमान कॉर्पोरेट और तेज़ रफ्तार उड़ानों के लिए प्रसिद्ध है। जय पवार की मांग स्पष्ट है: “हादसे की पूरी, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो और VSR वेंचर्स के विमानों पर सख्त रोक लगाई जाए।”
