अजय चंद्राकर का विवादित बयान: कांग्रेसियों को बताया ‘चाटने और काटने वाला’

बिलासपुर। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। चंद्राकर ने कहा कि “कांग्रेस के नेता दिल्ली वालों की चाटते हैं और नीचे वालों को काटते हैं, यही उनका असली चरित्र है।”
दरअसल, उमंग सिंघार ने अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को “प्रधानमंत्री का असिस्टेंट” और “पर्ची वाला सीएम” कहा था। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “जो लोग जनता के नहीं, दरबार के दरबारी हैं, वो छत्तीसगढ़ की सरकार पर आरोप लगाते हैं। जिनका पूरा जीवन दरबारी संस्कृति में बीता है, वे जनसेवा का अर्थ नहीं समझ सकते।”
चंद्राकर ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी की यही परंपरा रही है — दिल्ली जाकर एक परिवार के आगे झुकना और नीचे आकर अपने ही लोगों को नुकसान पहुंचाना। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों से कांग्रेस की मानसिकता और संस्कृति उजागर होती है, इसलिए ऐसे आरोपों की कोई विश्वसनीयता नहीं है।
अजय चंद्राकर के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। कांग्रेस ने इसे असभ्य और अपमानजनक बताते हुए कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता स्तरहीन राजनीति कर रहे हैं। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि चंद्राकर ने केवल कांग्रेस की सच्चाई उजागर की है।