असम में वायुसेना का सुखोई विमान क्रैश: दोनों जांबाज पायलट शहीद, कार्बी आंगलोंग के जंगलों में मिला मलबा

नई दिल्ली/गुवाहाटी। भारतीय वायुसेना (IAF) के लिए शुक्रवार की सुबह एक बेहद दुखद खबर लेकर आई। असम के जोरहाट एयरबेस से उड़ान भरने वाला सुखोई Su-30MKI फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार दोनों जांबाज अधिकारियों, स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर की मौत हो गई है।
मिशन के दौरान टूटा संपर्क
वायुसेना के मुताबिक, यह फाइटर जेट गुरुवार शाम एक नियमित ट्रेनिंग मिशन पर था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद शाम 7:42 बजे इसका ग्राउंड कंट्रोल और रडार से संपर्क टूट गया। वायुसेना ने रात 1:09 बजे विमान के क्रैश होने की पुष्टि की और शुक्रवार सुबह 9:14 बजे एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों पायलटों के शहीद होने की जानकारी साझा की। हादसा जोरहाट से लगभग 60 किमी दूर कार्बी आंगलोंग के दुर्गम पहाड़ी और जंगली इलाके में हुआ।
सर्च ऑपरेशन और जांच के आदेश
संपर्क टूटने के तुरंत बाद वायुसेना ने बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। फिलहाल सेना की टीमें मलबे तक पहुँचने और साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। वायुसेना ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच (Court of Inquiry) के आदेश दिए हैं ताकि दुर्घटना के सटीक तकनीकी या अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।





