ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शिक्षा में एआई- पढ़ाई के लिए UPI जैसा प्लेटफॉर्म बनेगा: मोबाइल पर किसी भी क्लास का लेक्चर पसंदीदा टीचर की आवाज में मिलेगा

दिल्ली। देश की शिक्षा व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पढ़ाई के लिए यूपीआई की तर्ज पर एक राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है, जिसका नाम ‘भारत बोधन एआई स्टैक’ होगा।

इसके माध्यम से स्कूल और कॉलेज के किसी भी विषय का कोई भी टॉपिक मोबाइल पर ऑडियो और वीडियो फॉर्मेट में उपलब्ध रहेगा। छात्र अपनी पसंद की भाषा और मनपसंद शिक्षक की आवाज में लेक्चर सुन सकेंगे।

जिस तरह भीम, गूगलपे, पेटीएम और फोनपे जैसे ऐप यूपीआई प्लेटफॉर्म पर काम करते हैं, उसी तरह शिक्षा से जुड़े ऐप भारत बोधन एआई स्टैक पर आधारित होंगे। यह प्लेटफॉर्म पूरी तरह कस्टमाइज्ड होगा।

छात्र जैसे ही कोई सवाल पूछेगा, उसी के अनुसार उसके लिए ऑडियो या वीडियो लेक्चर तुरंत तैयार हो जाएगा। भाषा बदलने पर भी शिक्षक का पढ़ाने का अंदाज और टोन वही रहेगा। साथ ही यह इंटरेक्टिव होगा, जिससे छात्र अपनी शंकाओं का तुरंत समाधान पा सकेंगे।

इस पहल की औपचारिक शुरुआत 12 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले ‘भारत बोधन एआई कॉन्क्लेव’ से की जाएगी। इस मौके पर चुनिंदा एआई समाधानों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

प्लेटफॉर्म को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्रालय ने आईआईटी मद्रास में एआई इन एजुकेशन के लिए सेंटर फॉर एक्सीलेंस भी स्थापित किया है, जिसे ‘आईआईटी मद्रास बोधन एआई फाउंडेशन’ नाम दिया गया है।

यह केंद्र स्केलेबल एआई समाधान विकसित करेगा। एनसीईआरटी और राज्य बोर्डों की किताबों को एआई रिपोजिटरी में शामिल किया जाएगा।

यह प्लेटफॉर्म स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट तक में मददगार साबित होगा। इससे छात्रों को कहीं भी, कभी भी, अपनी जरूरत के मुताबिक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button