एआई इम्पैक्ट समिट हंगामा केस: IYC अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, अब तक 8 आरोपी हिरासत में

दिल्ली। एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान हुए हंगामे के मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
उन्हें 23 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जहां करीब 20 घंटे तक उनसे लगातार पूछताछ की गई। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।
इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें मध्य प्रदेश से 3 कांग्रेस नेता भी शामिल हैं। चार आरोपियों को घटना वाले दिन ही हिरासत में ले लिया गया था।
दरअसल, 20 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं ने अचानक हंगामा किया था।
कार्यकर्ता शर्ट के नीचे पहनी टी-शर्ट निकालकर सामने आए, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर के साथ “PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड” लिखा था।
इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की, जिससे समिट में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और क्यूआर कोड स्कैन कर कार्यक्रम स्थल में प्रवेश किया था।
इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध को देश विरोधी बताना गलत है।
यह तरीका अंग्रेजों के शासन जैसा है, जहां हर विरोध की आवाज को दबाया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज व वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि प्रदर्शन की योजना किस स्तर पर बनाई गई थी और इसमें कौन-कौन शामिल था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्टिकर और टी-शर्ट कहां से छपवाए गए, इसकी भी जांच चल रही है।
वहीं, भाजपा ने इस घटना के विरोध में देशभर में प्रदर्शन किया और कांग्रेस पर राष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाया हुआ है।





