रायपुर। देश से आए निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। “छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाय इंटेलिजेंस” थीम पर आधारित इस स्टॉल में राज्य की उभरती एआई क्षमता, आधुनिक डिजिटल अधोसंरचना और निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
डिजिटल डिस्प्ले, इंटरैक्टिव प्रेजेंटेशन और सूचना पैनलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को उभरते टेक्नोलॉजी हब के रूप में प्रदर्शित किया जा रहा है। विशेष रूप से नवा रायपुर में स्थापित किए जा रहे देश के पहले एआई डाटा सेंटर पार्क की जानकारी निवेशकों को विस्तार से दी जा रही है।
लगभग 1000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली इस परियोजना में एक लाख तक ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) स्थापित करने की क्षमता विकसित की जाएगी। इससे एआई आधारित सेवाओं, उच्च क्षमता डाटा प्रोसेसिंग और डिजिटल नवाचार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि समिट में छत्तीसगढ़ का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बनना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क राज्य को डिजिटल नवाचार और उच्च तकनीकी निवेश का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
स्टॉल पर औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत एआई, रोबोटिक्स और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के लिए उपलब्ध विशेष प्रोत्साहनों और निवेश-अनुकूल वातावरण की जानकारी भी दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी और उद्योग-हितैषी नीतियां निवेशकों को आकर्षित कर रही हैं।
समिट में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने छत्तीसगढ़ में एआई और डाटा सेंटर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई है, जिससे प्रदेश को डिजिटल क्रांति के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने की दिशा मजबूत हुई है।
