अहमदाबाद हादसा: लंदन के अखबार का दावा, पीड़ित परिवारों को केस छोड़ने के बदले 10-20 लाख का ऑफर

गुजरात। गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए एअर इंडिया विमान हादसे को लेकर ब्रिटेन के प्रतिष्ठित अखबार ‘द इंडिपेंडेंट’ ने बड़ा दावा किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, एअर इंडिया हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को अतिरिक्त मुआवजे के बदले कानूनी केस छोड़ने का प्रस्ताव दे रही है। अखबार का कहना है कि एयरलाइन कुछ परिवारों को 10 लाख और कुछ मामलों में 20 लाख तक की अंतिम राशि देने की पेशकश कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह राशि स्वीकार करने पर परिवारों को यह लिखित सहमति देनी होगी कि वे भविष्य में किसी भी देश या अदालत में इस हादसे से जुड़ा कोई दावा नहीं करेंगे और सभी कानूनी जिम्मेदारियों से कंपनी को मुक्त करेंगे।
हालांकि, पीड़ितों के 130 परिवारों की ओर से पैरवी कर रही लीगल टीम ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि जब तक हादसे की जांच पूरी नहीं हो जाती और जिम्मेदारी तय नहीं होती, तब तक इस तरह का समझौता करना अनुचित है।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। शुरुआती अंतरिम सहायता के बाद अंतिम मुआवजे की राशि तय की जा रही है, जो कानून और मानकों के अनुरूप होगी।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से विमान हादसे की जांच प्रक्रिया पर रिपोर्ट मांगी है और एएआईबी से तीन सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ देर बाद एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गई थी। इस भीषण हादसे में 270 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 60 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। हादसे ने देश-दुनिया को झकझोर कर रख दिया था।





