अहमदाबाद विमान हादसा: 265 शव बरामद, पीएम मोदी ने किया घटनास्थल का दौरा

दिल्ली। अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जिसमें एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के दो मिनट बाद क्रैश हो गई। विमान ने 1:38 बजे उड़ान भरी थी और 1:40 बजे 625 फीट की ऊंचाई पर हादसे का शिकार हो गया। यह हादसा बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर हुआ, जहां 50 से अधिक लोग मौजूद थे।
अब तक 265 शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से 241 विमान में सवार यात्री और क्रू मेंबर थे, जबकि 5 लोग हॉस्टल के निवासी थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल हैं। हादसे में सिर्फ एक यात्री की जान बच सकी है। पीड़ितों की पहचान के लिए DNA सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे और सबसे पहले घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद वे सिविल अस्पताल में घायलों और मृतकों के परिजनों से मिले। पीएम के साथ गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी और सीआर पाटिल भी मौजूद थे।
फ्लाइट में 230 यात्री सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात भी थे। घटनास्थल पर तलाशी अभियान जारी है। NSG, फोरेंसिक टीम और स्निफर डॉग की मदद से जांच चल रही है। एअर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक एयरपोर्ट पर हेल्प सेंटर शुरू किए हैं। पीएम ने पीड़ितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।