आध्यात्मिक मूल्यों एवं संस्कारों की पाठशाला है अघोर गुरु पीठ बनोरा :सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय पहुंचे।
उन्होंने आश्रम के उपासना स्थल पर परम पूज्य अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके आदर्शों को स्मरण करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने अघोरेश्वर के प्रिय शिष्य पूज्य बाबा प्रियदर्शी भगवान राम जी के दर्शन कर स्नेहिल आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि अघोर गुरु पीठ बनोरा आध्यात्मिक मूल्यों एवं संस्कारों की सच्ची पाठशाला है, जहां सेवा, सद्भाव, करुणा और मानवता के संस्कारों का निर्माण होता है। यहां आकर आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है, जो जीवन को नई दिशा प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत हमारी सबसे बड़ी धरोहर है। संतों का मार्गदर्शन समाज को नैतिक बल और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है, जो जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला बनता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और सम्मान की भावना पहुंचाना ही सच्चा विकास और राष्ट्र निर्माण है। इसके लिए सभी को मिलकर सेवा, सहयोग और समर्पण के भाव से कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा भाव से गुरु दर्शन कर आध्यात्मिक शांति और प्रेरणा प्राप्त की।



