राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने की पहली नियुक्तियां: भाजपा ने केरल चुनाव प्रभारी व सह-प्रभारी का किया ऐलान

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पदभार संभालते ही पहली नियुक्तियां कर दी हैं। भाजपा ने केरल विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए विनोद तावड़े को प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को सह-प्रभारी बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने नियुक्ति से संबंधित पत्र जारी किया।
केरल में वर्तमान में लेफ्ट की सरकार है और पिनाराई विजयन राज्य के मुख्यमंत्री हैं। भाजपा कभी भी राज्य में सत्ता हासिल नहीं कर सकी है। विधानसभा में कुल 140 सीटें हैं। लेकिन हाल ही में भाजपा ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में पहली बार मेयर का पद जीता। वीवी राजेश को भाजपा की ओर से 51 वोट मिले, जिसमें एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन भी शामिल था।
वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के पी शिवाजी को 29 और कांग्रेस गठबंधन (UDF) के केएस सबरिनाथन को 19 वोट मिले, जिनमें से दो बाद में अमान्य घोषित कर दिए गए। 101 वार्डों के चुनाव में भाजपा ने 50, LDF ने 29 और UDF ने 19 सीटें जीतीं। यह जीत पिछले 45 सालों में भाजपा के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है।
नितिन नबीन मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। पांच बार के विधायक नितिन नबीन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माला पहनाकर स्वागत किया। पीएम मोदी ने कहा, “आज से नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं, मैं उनका कार्यकर्ता हूं। नितिन नबीन जी का दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना नहीं है, बल्कि एनडीए के सभी सहयोगियों के बीच तालमेल बनाए रखना भी है।”
इस नियुक्ति के साथ भाजपा के नेतृत्व में नया अध्याय शुरू हो गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि केरल में पार्टी की रणनीति और नए नेतृत्व के तहत भाजपा भविष्य में राज्य में अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिश करेगी।





