महासमुंद में सूकरों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की पुष्टि: 10 किमी क्षेत्र में आवाजाही पर रोक, संक्रमित सूकरों की होगी कलिंग

महासमुंद। जिले के झलप क्षेत्र के ग्राम छिलपावन में सूकरों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (ASF) की पुष्टि हुई है। पशु चिकित्सा सेवाएं छत्तीसगढ़ से प्राप्त नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर भोपाल स्थित NIHSAD ने संक्रमण की पुष्टि की है। इसके बाद जिला प्रशासन ने बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए प्रभावित क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी है।

प्रशासन के मुताबिक अफ्रीकन स्वाइन फीवर सूकरों में होने वाला अत्यधिक संक्रामक विषाणुजनित रोग है। हालांकि, यह बीमारी सूकरों से मनुष्यों में नहीं फैलती। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में व्यापक निगरानी और सैनिटाइजेशन की कार्रवाई की जाएगी।

1 किमी इन्फेक्टेड और 10 किमी सर्विलेंस जोन

संक्रमित क्षेत्र के आसपास 1 किलोमीटर तक इन्फेक्टेड जोन और 1 से 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को सर्विलेंस जोन घोषित किया गया है। इन्फेक्टेड जोन में क्वारेंटाइन समेत आवश्यक नियंत्रण उपाय लागू किए जाएंगे। यहां सूकर और सूकर उत्पादों की बिक्री करने वाली दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्विलेंस जोन में जीवित सूकरों और उनके उत्पादों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके लिए तहसीलदार, पुलिस और परिवहन विभाग की मदद ली जाएगी।

संक्रमित सूकरों की होगी कलिंग

उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को संक्रमित क्षेत्र में उपलब्ध सूकरों की कलिंग, सर्विलेंस और सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं। रैपिड रिस्पॉन्स टीम के माध्यम से कलिंग की जाएगी। मृत और कलिंग किए गए सूकरों के साथ संक्रमित आहार का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिस्पोजल और डिसइन्फेक्शन किया जाएगा।

प्रभावित पशुपालकों को सूकरों और आहार के विनिष्टीकरण के लिए शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार क्षतिपूर्ति भी दी जाएगी। प्रशासन ने सभी कार्रवाई की प्रतिदिन रिपोर्टिंग और राष्ट्रीय कार्ययोजना के अनुसार नियंत्रण उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

↑
Exit mobile version