सुबह 4:30 बजे नीचे के फ्लैट से फैली आग, 50-60 लोग फंसे; 10 लोग बालकनी से कूदे, साड़ी-चादर के सहारे भी निकले
कानपुर। कानपुर के पटकापुर इलाके में सोमवार तड़के पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। हादसे में 15 साल के प्रांजुल बाथम और 48 साल की राखी साहू की मौत हो गई। प्रांजुल आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया, जबकि राखी ने जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे खड़े वैभव गुप्ता पर गिरने से राखी की मौके पर ही मौत हो गई। वैभव की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। हादसे में 8 से 10 अन्य लोग भी झुलसे या घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे निचले फ्लैट में लगी। देखते ही देखते धुआं और लपटें पूरी इमारत में फैल गईं। सीढ़ियों में धुआं भरने से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। अपार्टमेंट के 12 फ्लैटों में करीब 50 से 60 लोग रहते हैं।
साड़ी-चादर के सहारे बाहर निकले लोग
अपार्टमेंट की गली महज 5-6 फीट चौड़ी है और बाहर निकलने का एक ही रास्ता है। पार्किंग में खड़ी बाइक और स्कूटी तक आग पहुंचने से लोगों की मुश्किल बढ़ गई। कई लोग जान बचाने के लिए बालकनी से कूदे। कुछ ने साड़ी और चादरों को रस्सी बनाकर नीचे उतरने की कोशिश की। सामने के मकान की छत तक पटरा लगाकर भी लोगों को बाहर निकाला गया।
एक महिला 40 फीसदी तक झुलसी
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, प्रांजुल की मां नीता करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गई हैं और उनकी हालत गंभीर है। वैभव को रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने अपार्टमेंट में फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है। संकरी गली के कारण दमकल वाहनों को भी पहुंचने में परेशानी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
