मॉडल मुस्कान की हत्या का आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार, पैर में 3 गोलियां

जिम ट्रेनर इमरान ने पुलिस पर 4 राउंड फायर किए; जवाबी कार्रवाई में 7 गोलियां चलीं, CCTV से मिला सुराग

नई दिल्ली। दिल्ली में 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान की हत्या के आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार रात वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ की टीम ने राजौरी गार्डन इलाके में उसे घेर लिया था।

पुलिस के मुताबिक, सरेंडर करने के लिए कहने पर इमरान ने फायरिंग शुरू कर दी। उसने 4 गोलियां चलाईं। जवाब में पुलिस ने 7 राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के पैर में तीन गोलियां लगीं। घायल इमरान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर में अकेली थी मुस्कान, चाकू से किए कई वार

पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय इमरान बुधवार शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान की बिल्डिंग में पहुंचा था। उस समय मुस्कान घर में अकेली थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इमरान ने चाकू से मुस्कान पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया।

घर में काम करने वाली महिला ने मुस्कान को दूसरी मंजिल पर घायल हालत में देखा और परिवार को सूचना दी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शाम 7:24 बजे तिलक नगर थाने में चाकू से हमले की PCR कॉल मिली। मुस्कान के भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।

फोन लेकर भागा, नांगल में मिली आखिरी लोकेशन

वारदात के बाद इमरान मुस्कान का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने जांच के दौरान फोन सड़क किनारे से बरामद किया। उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली के नांगल इलाके में मिली। पुलिस ने पूरे जिले में बैरिकेडिंग और चेकपॉइंट लगाए और करीब 15 टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं।

दूसरे युवक से बात करने पर नाराज था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि मुस्कान दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में सेकेंड ईयर की छात्रा थी। करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात इमरान से जिम में हुई थी, जहां वह ट्रेनर था। पुलिस के मुताबिक, इमरान पिछले करीब दो महीने से मुस्कान से नाराज था। शक है कि मुस्कान के किसी दूसरे युवक से बात करने को लेकर वह गुस्से में था। दोनों 20 अगस्त को एक होटल में भी मिले थे। पुलिस अब हत्या की वास्तविक वजह और वारदात से पहले हुए विवाद की जानकारी जुटा रही है।

Exit mobile version