Accident: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, 1 महिला की मौत, 3 बच्चों सहित 7 घायल, बेटे से मिलने UP से मिलने आई थी मां

जांजगीर। जांजगीर में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि कार 3 बच्चों सहित 7 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के बिहानी क्षेत्र के गांव मझिया निवासी गुड्डी देवी (56) पत्नी सुशील सिंह सहित 8 लोग रायगढ़ के खरसिया में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। उनका बेटा अकलतरा में FCI में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि उससे मिलने के बाद सुबह करीब 7.30 बजे सभी बिलासपुर लौट रहे थे। अभी वे NH-49 पर पहुंचे थे कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
डायल-112 व 108 एंबुलेंस की मदद से अकलतरा अस्पताल लेकर आए। यहां पर डॉक्टरों ने गुड्डी देवी (56) को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य महिला की हालत गंभीर देख उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है। बाकी 3 बच्चे और 3 पुरूषों का उपचार अकलतरा अस्पताल में ही चल रहा है।