Uncategorized

छत्तीसगढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: दो करोड़ गबन मामले में एसबीआई की तत्कालीन कैशियर गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बिलासपुर जिले के बिल्हा शाखा में हुए करीब 2 करोड़ रुपये के गबन मामले में तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक संदिग्ध मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिससे जांच में अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच आरोपी ने बैंक के कुछ कर्मचारियों और अन्य लोगों के साथ मिलकर पद का दुरुपयोग किया। बैंक के रिकॉर्ड और खातों में हेरफेर कर लगभग 2.06 करोड़ रुपये की राशि का गबन किया गया, जिससे बैंक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

इस संबंध में शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने आर्थिक अपराध अन्वेषण मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर 19 जनवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। बैंक की विभागीय जांच में भी वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई थी।

जांच में सामने आया है कि गबन की राशि को कई अलग-अलग खातों में स्थानांतरित किया गया। रिकॉर्ड में इसे पेय पदार्थ, भोजन, किराया और रखरखाव जैसे मदों में खर्च दिखाकर छिपाने की कोशिश की गई।

आरोपी जून 2025 से निलंबित थी और क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय जगदलपुर से संबद्ध थी, लेकिन ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही थी। एसीबी ने उसे विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button