National: 29 साल बाद भारत को मिली बड़ी सफलता, मुंबई सीरियल ब्लास्ट का मोस्ट वांटेड आतंकवादी गिरफ्तार,

नई दिल्ली। 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट मामले में शामिल भारत के सबसे मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में से एक को पकड़ने में भारतीय एजेंसियों को सफलता हासिल हुई है। मुंबई में अलग-अलग जगहों पर 12 धमाके हुए थे, जिसमें 257 लोग मारे गए थे और 713 घायल हुए थे।
पकड़े गए आतंकवादी का नाम अबू बकर है जो पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हथियारों और विस्फोटकों के प्रशिक्षण, सिलसिलेवार विस्फोटों में इस्तेमाल किए गए आरडीएक्स की लैंडिंग और दुबई में दाऊद इब्राहिम के आवास पर साजिश और योजना बनाने में शामिल था।
अबू बकर, जिसे 1993 के विस्फोटों के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल है। जो कि संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान में रह रहा था। उसे हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर पकड़ा गया था।
2019 में भी हुई थी बकर की गिरफ्तारी
बकर को 2019 में एक बार गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, वह कुछ दस्तावेज मुद्दों के कारण खुद को संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों की हिरासत से छूटने में कामयाब रहा था।
शीर्ष सूत्रों के मुताबिक भारतीय एजेंसियां बकर के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में हैं। भारत की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल होने के लगभग 29 साल बाद, अबू बकर को यूएई से वापस लाने के बाद आखिरकार उसे भारत में कानून का सामना करना पड़ेगा।
अबू बकर जिसका पूरा नाम अबू बकर अब्दुल गफूर शेख
अबू बकर जिसका पूरा नाम अबू बकर अब्दुल गफूर शेख है, दाऊद इब्राहिम के प्रमुख लेफ्टिनेंट मोहम्मद और मुस्तफा दोसा के साथ तस्करी में शामिल था। वह खाड़ी देशों से सोना, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स की तस्करी करके मुंबई और आसपास के लैंडिंग पॉइंट्स पर लाता था। 1997 में उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।