AAP प्रत्याशी के सीने में मारी गोली, विधायक ने SAD नेता पर लगाया आरोप

फजिल्का: पंजाब में पंचायत चुनाव को लेकर तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इस बीच आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मनदीप सिंह बराड़ को गोली मारे जाने का मामला सामने आया है। आम आदमी पार्टी के विधायक जगदीप कंबोज ने शिरोमणि अकाली दल के नेता पर गोली मारने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं के साथ आप नेता मनदीप सिंह बराड़ का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी लेकर हो रही कहासुनी के बीच उन पर फायरिंग कर दी गई। गोली आप नेता की सीने में लगी है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को फाजिल्का के जलालाबाद में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के बाहर आप नेता मनदीप सिंह बराड़ और कुछ अकाली दल कार्यकर्ताओं के बीच बहस के बाद घटना हुई। इस घटना में आप प्रत्याशी मनदीप सिंह बराड़ के सीने में गोली लगी है। मनदीप सिंह बराड़ मुहम्मद वाला गांव से सरपंच पद के उम्मीदवार हैं। घटना के बाद आप प्रत्याशी मनदीप सिंह बराड़ को जलालाबाद के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।