StateNewsदेश - विदेश

न्यूयॉर्क में तिरंगे के अपमान पर रिजिजू सख्त: बोले- देश और झंडे का अपमान बर्दाश्त नहीं, मोहन भागवत के कार्यक्रम के बाहर हुआ प्रदर्शन

दिल्ली। न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में RSS प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम के बाहर भारतीय झंडे के कथित अपमान का मामला सामने आया है। कार्यक्रम के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों पर तिरंगे के अपमान का आरोप है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।

रिजिजू ने कहा कि RSS, BJP या सरकार की आलोचना करने की पूरी आजादी है, लेकिन भारतीय झंडे और देश का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तिरंगे का अपमान करने की कीमत चुकानी पड़ेगी। शेयर किए गए वीडियो में एक प्रदर्शनकारी भारतीय झंडे को पैर से बांधे नजर आया। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा तिरंगे के टुकड़े किए जाने और खालिस्तान समर्थक नारे लगाए जाने का दावा किया गया।

भागवत ने विविधता और एकता का दिया संदेश

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम में 6 हजार से ज्यादा भारतीय-अमेरिकी और विभिन्न धर्मों के नेता शामिल हुए। मोहन भागवत ने अपने संबोधन में कहा कि एकता और विविधता भारत के DNA का हिस्सा है।

उन्होंने धर्म को केवल पूजा-पद्धति तक सीमित न मानते हुए इसे जीवन और समाज में संतुलन बनाए रखने वाली व्यवस्था बताया। भागवत ने कहा कि केवल भौतिक सुख-सुविधाओं से स्थायी संतुष्टि नहीं मिलती। अमेरिका में रहने वाले भारतीयों से उन्होंने अपनी कर्मभूमि के प्रति ईमानदार और जिम्मेदार रहने की अपील की।

तीन देशों के दौरे पर हैं भागवत

RSS के शताब्दी वर्ष के ग्लोबल आउटरीच कार्यक्रम के तहत भागवत 17 दिन के तीन देशों के दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क के बाद वे कनाडा और ब्रिटेन जाएंगे। कार्यक्रम से पहले न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने RSS आयोजन के प्रति असहमति जताई थी। वहीं, अमेरिकी आयोग USCIRF की RSS पर प्रतिबंध संबंधी मांग पर भारत ने भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी।

Related Articles

Back to top button