ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

लिव-इन पार्टनर के साथ शराब पीते वक्त युवती की संदिग्ध मौत: नाक से निकला खून, अस्पताल में तोड़ा दम

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका अपने लिव-इन पार्टनर के साथ शराब पी रही थी, तभी अचानक उसकी नाक से खून निकलने लगा।

हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान राजिंदर कौर (35) के रूप में हुई है, जो पिछले तीन वर्षों से अपने लिव-इन पार्टनर राजा नाथ के साथ सेक्टर-2, स्ट्रीट-12 में रह रही थी।

जानकारी के मुताबिक, राजिंदर पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे हैं। वह पति को छोड़कर राजा नाथ के साथ रह रही थी। 5 फरवरी की रात दोनों ने साथ में शराब पी।

इसी दौरान राजिंदर की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसकी नाक से खून बहने लगा। परिजनों का कहना है कि समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी हालत और गंभीर हो गई। राजा नाथ की मां उसे जिला अस्पताल दुर्ग लेकर पहुंची, जहां 6 फरवरी को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतका की भांजी कृतिका ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें देर से दी गई। परिजनों का आरोप है कि राजिंदर और राजा नाथ के बीच अक्सर विवाद होता था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी देखे जाते थे।

भट्टी थाना टीआई प्रकाश कांत ने बताया कि मामला संदिग्ध मौत का है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और लिव-इन पार्टनर की तलाश भी जारी है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button