StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

पैरालाइज्ड पति को पत्नी ने कीटनाशक पिलाकर मार डाला: डेढ़ साल से बेड पर था, बेटी ने मिलाते देखा; पुलिस को अफेयर की आशंका

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दर्री थाना क्षेत्र में पत्नी ने अपने लकवाग्रस्त पति को पानी में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक अरुण सिंह (38) आशा नगर लाटा में परिवार के साथ रहता था। करीब डेढ़ साल पहले उसे लकवा मार गया था। वह बेड पर था और पूरी तरह पत्नी बंटी देवी (35) पर निर्भर था।

27 जनवरी की शाम पत्नी ने पति को कीटनाशक मिला पानी पिला दिया। इस दौरान बेटी ने खिड़की से मां को पानी में कीटनाशक मिलाते देख लिया और बड़े भाई (13) को बताया। बच्चों ने घर में रखी कीटनाशक की बोतल देखी तो वह पूरी तरह खाली थी।

बताया जा रहा है कि आरोपी पत्नी ने सुबह बेटे को फूलों में छिड़काव का बहाना बनाकर कीटनाशक मंगवाया था। बेटे ने पुलिस को बताया कि मां अक्सर मोबाइल पर किसी से बात करती रहती थी, जिससे पुलिस को अफेयर की आशंका है।

कीटनाशक पीने के बाद अरुण की तबीयत बिगड़ने लगी और रात करीब 1:30 बजे उसे उल्टियां शुरू हो गईं। बच्चे बार-बार पिता को अस्पताल ले जाने की बात कहते रहे, लेकिन पत्नी टालमटोल करती रही।

रात भर हालत गंभीर बनी रही। 28 जनवरी की तड़के अरुण को जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 30 जनवरी को उसकी मौत हो गई।

मामले की सूचना पर पुलिस ने बच्चों के बयान लिए। पूछताछ में पत्नी पहले गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती के बाद उसने कीटनाशक पिलाकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button