ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम निवास में जनदर्शन कल, पीड़ितों को मिलेगी समस्या का समाधान

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर में 8 जनवरी, गुरुवार को दोपहर 12 बजे से जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। जनदर्शन का उद्देश्य आमजन को शासन-प्रशासन से सीधे जोड़ना और उनकी शिकायतों व मांगों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पात्र मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। जिन विषयों का निराकरण मौके पर संभव हो, उन्हें वहीं निपटाया जाए, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनदर्शन शासन की नागरिक-केंद्रित सोच का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे आम लोगों की वास्तविक समस्याओं की जानकारी सीधे मिलती है और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने में मदद मिलती है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनदर्शन को केवल औपचारिकता न मानते हुए इसे जनता की सेवा का प्रभावी मंच बनाया जाए।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन सुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए जनसुनवाई जैसी व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत कर रहा है।

Related Articles

Back to top button