रायपुर साहित्य उत्सव के लिए नौ सदस्यीय सलाहकार समिति गठित

23–25 जनवरी को नवा रायपुर में होगा आयोजन
रायपुर। राज्य शासन ने आगामी रायपुर साहित्य उत्सव की तैयारियों को रफ्तार देते हुए नौ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन कर दिया है। यह उत्सव अगले वर्ष 23 से 25 जनवरी तक नवा रायपुर में आयोजित होगा।
समिति में अनंत विजय, डॉ. सुशील त्रिवेदी, सतीश कुमार पंडा, जयमति कश्यप, संजीव कुमार सिन्हा, शंशाक शर्मा, पंकज कुमार झा और विवेक आचार्य को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जनसंपर्क संचालनालय के आयुक्त डॉ. रवि मित्तल समिति के सदस्य सचिव होंगे।
समिति आयोजन की रूपरेखा, साहित्यकारों के चयन और विभिन्न विषयों पर सलाह देकर उत्सव को अधिक प्रभावी और सार्थक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। समिति का उद्देश्य उत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित साहित्यिक मंच के रूप में स्थापित करना है, ताकि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और साहित्यिक पहचान को नई दिशा मिले।
उल्लेखनीय है कि यह तीन दिवसीय महोत्सव 23, 24 और 25 जनवरी 2026 को नवा रायपुर के जनजातीय संग्रहालय परिसर के समीप आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संकल्पना पर आधारित यह आयोजन राज्य स्थापना के रजत वर्ष का भी हिस्सा है। महज दो माह में उत्सव की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है, जिसमें देशभर से 100 से अधिक प्रतिष्ठित साहित्यकारों को आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कुल 11 सत्र होंगे, जिनमें 5 समानांतर सत्र, 4 सामूहिक सत्र और 3 संवाद सत्र शामिल हैं। इन सत्रों में साहित्य, समाज, भाषा, संस्कृति एवं समकालीन विषयों पर गहन चर्चा और विचार-विमर्श होगा। उत्सव का उद्देश्य नए और अनुभवी लेखकों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे विचारों का आदान-प्रदान कर साहित्यिक रचनात्मकता को आगे बढ़ा सकें। रायपुर साहित्य उत्सव प्रदेश में बौद्धिक वातावरण को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित होने जा रहा है।





