StateNewsदेश - विदेश

मणिपुर में जल्द बन सकती है नई सरकार, BJP ने तरुण चुग को बनाया सेंट्रल ऑब्जर्वर; राष्ट्रपति शासन अगले हफ्ते खत्म होने की संभावना

दिल्ली। भाजपा ने मणिपुर में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। BJP संसदीय बोर्ड ने पार्टी के नेशनल जनरल सेक्रेटरी तरुण चुग को मणिपुर में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए सेंट्रल ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि मंगलवार को BJP विधायक दल की बैठक हो सकती है, हालांकि बैठक स्थल अभी तय नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, NDA के कई विधायक पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। मणिपुर से करीब 20 NDA विधायक रविवार रात राजधानी पहुंचे, जबकि अन्य विधायक सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर दिल्ली पहुंचे। दिल्ली पहुंचे नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष सत्यव्रत सिंह, पूर्व मंत्री वाई. खेमचंद सिंह और BJP प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी शामिल हैं।

सूत्र बताते हैं कि मंगलवार शाम 3 बजे तक विधायक दल के नेता के नाम का ऐलान किया जा सकता है। इसके बाद राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि कुकी-जो समुदाय को संतुष्ट करने के लिए 10 कुकी विधायकों में से एक को डिप्टी सीएम पद दिए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।

मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हिंसा जारी है, जिसमें अब तक करीब 260 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। हिंसा न रोक पाने के चलते 9 फरवरी 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 13 फरवरी 2025 से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया। 12 फरवरी 2026 राष्ट्रपति शासन खत्म होने की आखिरी तारीख मानी जा रही है।

मणिपुर विधानसभा में फिलहाल BJP के 37 विधायक हैं और सरकार का कार्यकाल 2027 तक है। इसी कारण भाजपा की कोशिश है कि राष्ट्रपति शासन खत्म होने से पहले नई सरकार बना ली जाए।

Related Articles

Back to top button