ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ और गुजरात के बीच विकास, तकनीक, संस्कृति और निवेश का नया अध्याय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का गुजरात प्रवास रहा ऐतिहासिक और सार्थक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का गुजरात प्रवास छत्तीसगढ़ और गुजरात के बीच सहयोग, नवाचार और निवेश के नए युग की शुरुआत साबित हुआ। यह यात्रा विकास, तकनीकी शिक्षा, संस्कृति और उद्योग—चारों क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण रही।

मुख्यमंत्री साय ने गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से सौजन्य भेंट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” संकल्प को साकार करने में राज्यों की साझा भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने बस्तर आर्ट और “बस्तर दशहरा” पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट कर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री साय ने NAMTECH कॉलेज का भ्रमण कर तकनीकी शिक्षा की आधुनिक पद्धतियों का अवलोकन किया और कहा कि अब छत्तीसगढ़ में हर वर्ष 10,000 युवाओं को आधुनिक तकनीक, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग में प्रशिक्षित किया जाएगा।

गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में भारत पर्व के दौरान मुख्यमंत्री साय ने सरदार पटेल को नमन किया और कहा कि “भारत पर्व विविधता में एकता का प्रतीक है, जहाँ हर राज्य अपनी संस्कृति से राष्ट्र को जोड़ता है।” उन्होंने छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक दल से भेंट कर उन्हें प्रोत्साहित किया।

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देश के शीर्ष उद्योगपतियों से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। राज्य को 33,321 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनसे करीब 14,900 रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा, “गुजरात के पास उद्यम है, छत्तीसगढ़ के पास ऊर्जा और संसाधन—दोनों का मेल विकसित भारत की दिशा तय करेगा।”

मुख्यमंत्री साय का यह प्रवास न केवल उद्योग और निवेश के लिए मील का पत्थर साबित हुआ, बल्कि छत्तीसगढ़ की तकनीकी प्रगति और सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई दी।

Related Articles

Back to top button