StateNewsदेश - विदेश

देशभर में रंगों की धूम: राजस्थान में विदेशी मेहमानों संग होली, अखिलेश ने मनोज तिवारी को वीडियो सॉन्ग से दी बधाई

दिल्ली। देशभर में आज हर्षोल्लास के साथ होली मनाई जा रही है। सोमवार को होलिका दहन के बाद मंगलवार को रंगों का उत्सव मनाया गया। चंद्रग्रहण के कारण कई शहरों में रंग खेलने का समय बदला, लेकिन उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। राजस्थान समेत कई राज्यों में सड़कों पर रंग और गुलाल की बौछारें नजर आईं।

जयपुर में होली का खास आकर्षण विदेशी मेहमान रहे। दुनिया के अलग-अलग देशों से आए पर्यटकों ने DJ की धुन पर जमकर डांस किया और गुलाल उड़ाया। वहीं भरतपुर में 200 साल पुरानी ‘बिन दुल्हन की बारात’ परंपरा निभाई गई। दूल्हे को पारंपरिक वेशभूषा में ऊंट पर बैठाकर बैंड-बाजे के साथ जुलूस निकाला गया, जो जैन मंदिर पहुंचा।

उत्तर प्रदेश में सियासी रंग भी देखने को मिला। अखिलेश यादव ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी को होली की शुभकामनाएं अनोखे अंदाज में दीं। उन्होंने 1 मिनट 14 सेकेंड का एक वीडियो सॉन्ग जारी किया, जिसमें मनोज तिवारी का मुखौटा पहने एक शख्स नजर आया।

सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली समेत कई राज्यों में कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजधानी में 15 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल लगाया गया है और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

उधर महाकालेश्वर मंदिर में विशेष भस्म आरती हुई, जबकि ITBP जवानों ने पैंगोंग झील पर होली मनाकर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। देशभर में रंग, उमंग और भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button