ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

2026-27 बजट में बड़ा ऐलान संभव: छोटे-मंझोले शहरों में खेल मैदान और यातायात सुधार के लिए रिंग रोड का प्रावधान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, जिसमें वर्ष 2026-27 के बजट में राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष जोर देखने को मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार बजट 27 फरवरी को पेश किए जाने की संभावना है। इस बार सरकार का फोकस छोटे और मंझोले शहरों के विकास, खेल सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर रहेगा। बजट में खेल मैदानों के निर्माण और ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिंग रोड बनाने का प्रावधान किया जा सकता है।

प्रस्तावित योजनाओं के तहत नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये का प्रावधान किए जाने की संभावना है। इसके अलावा नगर पंचायत पखांजूर में एक आधुनिक खेल परिसर की स्थापना की जाएगी। दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम के निर्माण की योजना भी है, जिस पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

दुर्ग की पहली बटालियन में पहले से बने इंडोर स्टेडियम से जुड़े अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा सकता है। वहीं सारंगढ़ स्थित इंडोर स्टेडियम के नवीनीकरण के लिए भी बजट में राशि आवंटित होने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में खेल सुविधाएं समान रूप से उपलब्ध हों, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।

इस बजट की एक बड़ी खासियत यह भी होगी कि सभी विभागों की गैर-जरूरी योजनाओं की राशि में कटौती की जाएगी और प्राथमिकता वाली योजनाओं पर खर्च बढ़ाया जाएगा। प्रदेश के बड़े नगर पंचायतों और नगर पालिका क्षेत्रों में रिंग रोड बनाने की तैयारी है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। इसके लिए करीब 100 करोड़ रुपये का प्रावधान संभव है। इसके साथ ही छूटे हुए जिलों में नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना, पीएम सूर्यघर योजना और आयुष्मान योजना के लिए करीब 2 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किए जाने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button