श्रम मंत्री देवांगन का बड़ा खुलासा: दो साल में 11.40 लाख श्रमिक पंजीकृत, 804 करोड़ से ज्यादा का सीधा लाभ

रायपुर। श्रम विभाग की गतिविधियों एवं उपलब्धियों को लेकर श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग के अधीन मंडलों द्वारा बीते दो वर्षों में कुल 11.40 लाख श्रमिकों का पंजीयन किया गया है। इनमें लगभग 9.4 लाख निर्माण श्रमिक, 1.39 लाख असंगठित श्रमिक तथा 98 हजार संगठित श्रमिक शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित 71 योजनाओं के अंतर्गत विगत दो वर्षों में 29.55 लाख से अधिक श्रमिकों को कुल 804.77 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इसमें 28.49 लाख निर्माण श्रमिकों को 653.75 करोड़ रुपये, 91,595 असंगठित श्रमिकों को 143.77 करोड़ रुपये तथा 14,592 संगठित श्रमिकों को 7.24 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। सभी हितलाभ केंद्रीयकृत डीबीटी प्रणाली के माध्यम से सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में अंतरित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत कारखानों का निरीक्षण अब स्वचालित प्रणाली से किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में 2218 निरीक्षण किए गए, जिनमें नियम उल्लंघन पर 666 अभियोजन दर्ज कर 5 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
श्रम मंत्री ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम के तहत बीमित श्रमिकों की संख्या 4.60 लाख से बढ़कर 6.26 लाख हो गई है। रायपुर, कोरबा, रायगढ़ और भिलाई में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल संचालित हैं, जबकि बिलासपुर में अस्पताल शुरू करने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि नए श्रम सुधारों के तहत महिलाओं को रात्रिपाली में सशर्त कार्य, नियतकालिक कर्मकारों को समान वेतन-सुविधा, कारखाना लाइसेंस की अवधि 15 वर्ष करने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। आगे की कार्ययोजना में श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उच्च शिक्षा के लिए अटल कैरियर निर्माण योजना, श्रम अन्न योजना का विस्तार और शिकायत निवारण में एआई आधारित प्रणाली शुरू करने की तैयारी है।





