StateNewsदेश - विदेश

मथुरा में एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: कंटेनर ने कुचले 6 यात्री, बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे; स्वेटर से हुई पहचान

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

यह हादसा थाना सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन-88 के पास रात करीब 2:45 बजे हुआ। दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात जा रही एक स्लीपर बस को यात्रियों के बाथरूम के लिए सड़क किनारे रोक दिया गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को पीछे से टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंद दिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। हाईवे पर शव बिखर गए और कुछ यात्रियों के चेहरे बुरी तरह कुचल गए, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया।

परिजनों ने कपड़ों और स्वेटर से मृतकों की पहचान की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। कंटेनर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

मृतकों में सभी पुरुष शामिल हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। ये लोग दिल्ली से अपने-अपने घर लौट रहे थे। किसी को परिवार से मिलने जाना था तो कोई बेटी के जन्मदिन पर घर जा रहा था। हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी रही।

यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े करता है। गलत स्थान पर बस रोकना और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही ने छह जिंदगियां छीन लीं, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button