ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पिस्टल से फायरिंग कर रील बनाने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, MP से अवैध हथियार सप्लाई का खुलासा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर पिस्टल से फायरिंग करते हुए रील बनाना एक हिस्ट्रीशीटर को भारी पड़ गया।

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने न सिर्फ आरोपी युवक को गिरफ्तार किया, बल्कि अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले भोपाल के सप्लायर को भी पकड़ लिया। मामले में पुलिस ने 2 पिस्टल, 4 मैगजीन, 20 जिंदा कारतूस और 1100 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त की हैं।

पुलिस के मुताबिक, जरहाभाठा मिनी बस्ती निवासी आदतन बदमाश स्वराज कुर्रे (20) इंस्टाग्राम पर अवैध पिस्टल से फायरिंग करते हुए रील अपलोड कर रहा था।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की नजर उस पर पड़ी। जांच में सामने आया कि स्वराज न सिर्फ नशे के कारोबार में लिप्त है, बल्कि अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री भी करता है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने भोपाल के सप्लायर धीरेंद्र सिंह तोमर (37) का नाम उजागर किया।

इसके बाद पुलिस ने भोपाल के अवैधपुरी स्थित आईडियल सिटी से सप्लायर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने स्वराज को चार पिस्टल सप्लाई की थीं।

पुलिस ने इससे पहले भी स्वराज से जुड़े मामलों में हथियार बरामद किए थे। दो साल पहले डकैती के एक मामले में उसके और उसके साथियों से तीन पिस्टल जब्त की गई थीं, जबकि चौथी पिस्टल हाल ही में उसकी स्कूटी से मिली थी। इस तरह चारों पिस्टल पुलिस के कब्जे में आ चुकी हैं।

पूछताछ के दौरान मिले इनपुट पर पुलिस की टीम मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले पहुंची, जहां घने जंगल के भीतर अवैध हथियार बनाने का कारखाना मिला। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सरगना फरार हो गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बड़वानी लंबे समय से अवैध ऑटोमैटिक हथियार निर्माण के लिए कुख्यात है और यहां से छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में हथियारों की सप्लाई होती है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button