ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राज्योत्सव में VVIP ड्यूटी के दौरान प्रधान आरक्षक की मौत, सीएम साय ने जताया शोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर आयोजित राज्योत्सव के दौरान एक दुखद घटना घटित हुई। VVIP ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक फुलजेश पन्ना का ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन हो गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए बताया कि उन्होंने दिवंगत आरक्षक की पुत्री अनामिका से दूरभाष पर बात कर सांत्वना व्यक्त की है और आश्वासन दिया है कि इस कठिन घड़ी में सरकार परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और परिवार को यह गहन दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।

जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक फुलजेश पन्ना (आयु 51 वर्ष) कांकेर जिले में पदस्थ थे। वे राज्योत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें राजधानी के रामकृष्ण अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग और प्रशासनिक अमले में शोक की लहर दौड़ गई। साथियों ने उन्हें एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और शांत स्वभाव वाले अधिकारी के रूप में याद किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि फुलजेश पन्ना जैसे अधिकारी राज्य की सेवा भावना के प्रतीक हैं, जिन्होंने अंतिम सांस तक अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।

सरकार ने परिवार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। राज्योत्सव की खुशियों के बीच यह घटना पूरे पुलिस परिवार के लिए गहरी पीड़ा लेकर आई है।

Related Articles

Back to top button