ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की धरा पर साहित्यकारों का महाकुंभ: 23 से 25 जनवरी तक आयोजित होगा ‘रायपुर साहित्य उत्सव–2026’

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक परंपरा को राष्ट्रीय फलक पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से रायपुर साहित्य उत्सव–2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

यह तीन दिवसीय साहित्यिक महोत्सव 23 से 25 जनवरी 2026 तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित होगा। यह उत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा, लोक परंपराओं और साहित्यिक चेतना को नई पीढ़ी से जोड़ने का एक सशक्त मंच बनेगा। देशभर से ख्यातिलब्ध साहित्यकार, कवि, कथाकार, विचारक, कलाकार, पत्रकार, रंगकर्मी और साहित्य प्रेमी इस आयोजन में सहभागिता करेंगे।

साहित्य, संवाद और संस्कृति का संगम

रायपुर साहित्य उत्सव–2026 का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की साहित्यिक विरासत को सहेजते हुए उसे एक व्यापक मंच देना है। उत्सव के दौरान साहित्यिक संवाद, समकालीन विषयों पर परिचर्चा, कविता पाठ, कथा सत्र, पुस्तक विमोचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और कला प्रदर्शन आयोजित होंगे। यह आयोजन विचारों के आदान–प्रदान और रचनात्मक संवाद को नई दिशा देगा।

ओपन माइक से मिलेगा नई प्रतिभाओं को मंच

उत्सव के अंतर्गत विशेष ओपन माइक सत्र आयोजित किया जाएगा, जहां आम नागरिक, युवा और नवोदित रचनाकार कविता, कहानी, गीत, विचार या नाट्य अंश के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रस्तुत कर सकेंगे। यह मंच आत्म-अभिव्यक्ति और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करेगा।

युवाओं में बढ़ेगी साहित्य के प्रति रुचि

स्कूली छात्रों और युवाओं में साहित्य के प्रति रुचि जागृत करने के लिए राज्यभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में उत्सव की जानकारी साझा की जा रही है, ताकि युवा पीढ़ी भाषा और संस्कृति से गहराई से जुड़ सके।

पुस्तक प्रेमियों के लिए खास आकर्षण

उत्सव में देश के प्रतिष्ठित प्रकाशन समूहों की पुस्तक स्टॉल लगाई जाएंगी, जहां विविध विषयों की पुस्तकों से पाठक रूबरू होंगे।

सहभागिता और सुविधा

उत्सव में भाग लेने के लिए इच्छुक लोग www.raipursahityautsav.org पर पंजीयन कर सकते हैं। साथ ही 23 से 25 जनवरी तक रायपुर शहर से पुरखौती मुक्तांगन तक निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध रहेगी, जिससे आमजन आसानी से इस साहित्यिक महाकुंभ का हिस्सा बन सकेंगे।

Related Articles

Back to top button