सुनार का कमाल: चांदी से बनी फीफा वर्ल्ड कप की ‘मिनी ट्रॉफी’, देखकर हो जाएंगे हैरान

सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले के एक प्रतिभाशाली सुनार सज्जन सोनी ने अपनी अद्भुत कारीगरी से सबको चौंका दिया है।

उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप की एक बेहद छोटी ‘मिनिएचर ट्रॉफी’ तैयार की है, जो हूबहू असली ट्रॉफी जैसी दिखती है। यह अनोखी कलाकृति चांदी से बनाई गई है और इसका आकार मात्र 6 मिलीमीटर है।

इस सूक्ष्म ट्रॉफी को तैयार करने में उन्होंने लगभग 0.840 मिलीग्राम चांदी का उपयोग किया, जबकि इसके शीर्ष पर पीतल की छोटी गेंद लगाई गई है। इतनी बारीकी और सटीकता के साथ इसे बनाना आसान नहीं था, फिर भी सज्जन सोनी ने इसे लगभग 1 घंटे 20 मिनट में पूरा कर दिखाया।

उनकी यह कला अब लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है। जो भी इसे देखता है, उसकी बारीकी और डिजाइन देखकर दंग रह जाता है। सज्जन सोनी पेशे से स्वर्णकार हैं, लेकिन उनकी पहचान अब एक सूक्ष्म कला विशेषज्ञ के रूप में भी बन चुकी है।

वे इससे पहले भी कई अनोखी रचनाएं बना चुके हैं, जिनमें क्रिकेट वर्ल्ड कप ट्रॉफी, ओलंपिक पदक और विभिन्न खेलों से जुड़ी कलाकृतियां शामिल हैं।

सज्जन सोनी की शिक्षा सीमित रही है, लेकिन उनका जुनून और मेहनत उन्हें लगातार नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है। वे मानते हैं कि असली सफलता प्रतिभा और लगन से मिलती है, न कि केवल डिग्री से। उनका सपना है कि उनकी इस सूक्ष्म कला को देश और दुनिया में और अधिक पहचान और सम्मान मिले।

इस अनोखे सफर की शुरुआत 1983 में हुई, जब भारत ने क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था। उसी घटना से प्रेरित होकर उन्होंने छोटी-छोटी ट्रॉफियां बनाने का संकल्प लिया। 1987 में उन्होंने अपनी पहली कलाकृति बनाई थी, जिसके बाद से वे लगातार रचनात्मक प्रयोग करते आ रहे हैं।

Exit mobile version