आबकारी भवन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कंप्यूटर-प्रिंटर जले, दस्तावेज सुरक्षित

रायपुर। राजधानी रायपुर के लाभाण्डी स्थित आबकारी भवन में शुक्रवार शाम शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई। यह आग छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यालय के तृतीय तल पर स्थित एक कक्ष में लगी, जिसमें कार्यालय में रखा कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस जलकर खराब हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी जरूरी दस्तावेज को नुकसान नहीं पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी 2026 को शाम करीब 8:30 बजे आबकारी भवन में तैनात नाइट गार्ड को तीसरी मंजिल के एक कक्ष से जलने जैसी गंध आई। इस पर उसने तत्काल अन्य स्टाफ को सूचना दी और मौके पर पहुंचकर भवन में उपलब्ध अग्निरोधक उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी, जिससे कार्यालय में रखा कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर और यूपीएस पूरी तरह जल गए। इसके अलावा किसी अन्य कक्ष में आग नहीं फैली और न ही किसी अन्य सामग्री को नुकसान हुआ। कार्यालय में रखी सभी महत्वपूर्ण फाइलें लोहे की अलमारियों में सुरक्षित थीं, जिससे दस्तावेज पूरी तरह सुरक्षित रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने देर रात तक निरीक्षण कर आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया। इसके बाद शनिवार सुबह 8 फरवरी को पुनः अधिकारियों द्वारा भवन का निरीक्षण किया गया, जिसमें यह पुष्टि हुई कि घटना में किसी भी आवश्यक दस्तावेज या महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को कोई क्षति नहीं पहुंची है।
प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए विद्युत सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए हैं। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जिससे कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।





