ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सत्य का सिनेमा है प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित फिल्म : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘चलो जीते हैं : सत्य का सिनेमा’ का अवलोकन किया। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

फिल्म प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह फिल्म प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के व्यक्तित्व और जीवन यात्रा को गहराई से समझने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने बचपन से लेकर आज तक अनेक संघर्षों का सामना किया और समाज सेवा के मार्ग पर अडिग रहे। उनके जीवन से जुड़े प्रसंग हमें सतत प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस फिल्म को “सत्य का सिनेमा” बताते हुए कहा कि इसमें वास्तविक जीवन के मूल्य, संघर्ष और आदर्श झलकते हैं। यह केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व की कहानी नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और जीवन में सकारात्मक सोच लाने वाला प्रेरक संदेश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से अपील की कि वे इस फिल्म को अवश्य देखें ताकि मोदी जी के जीवन के मूल्यों को आत्मसात किया जा सके।

साय ने कहा कि मोदी जी का जीवन सादगी, परिश्रम और राष्ट्रसेवा का उदाहरण है। फिल्म हमें यह सिखाती है कि कठिन परिस्थितियों में भी अगर लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता अवश्य मिलती है। यही संदेश ‘चलो जीते हैं’ हमें देता है और यही प्रधानमंत्री मोदी जी के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी ताकत है।

Related Articles

Back to top button