ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम साय से छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात, महा-अधिवेशन का दिया न्यौता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज महानदी भवन में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने 21 एवं 22 फरवरी 2026 को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम चाँपा (सैंहा) में आयोजित होने जा रहे 80वें छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज महा-अधिवेशन में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण मुख्यमंत्री को दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए बताया कि इस महा-अधिवेशन में समाज के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, सामाजिक एकता, शैक्षणिक प्रगति, युवाओं के मार्गदर्शन तथा महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर भावी रणनीतियों पर भी मंथन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतिनिधिमंडल से आत्मीय संवाद करते हुए समाज के प्रयासों की सराहना की और महा-अधिवेशन के सफल आयोजन के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रिय भूमिका समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, भाईचारे और विकास की भावना को मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, समाज के केन्द्रीय महामंत्री यशवंत सिंह वर्मा, कोषाध्यक्ष जागेश्वर बघेल, राज प्रधान बलौदाबाजार सुनीता वर्मा, चंदखुरी से चिंताराम वर्मा, रायपुर से जगेश्वर प्रसाद वर्मा, अर्जुन राज हरिराम वर्मा, हरिश्चंद्र वर्मा, रघुनंदन वर्मा सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button